मुंबई , सितंबर 19 -- हिंदी जी5 ने लोकप्रिय वेब सीरीज 'बकाइती' के दूसरे सीजन का ट्रेलर जारी कर दिया है। राजेश तैलंग, शीबा चड्ढा, तान्या शर्मा और आदित्य शुक्ला अभिनीत इस सीरीज का प्रीमियर 25 सितंबर को जी5 पर होगा।डाइस मीडिया निर्मित और समर इकबाल निर्देशित दूसरे सीजन में कटारिया परिवार एक बार फिर रोजमर्रा की पारिवारिक उलझनों, आपसी टकराव और हास्य के बीच नजर आएगा। पुराने गाजियाबाद की पृष्ठभूमि पर आधारित कहानी में इस बार दोनों कटारिया परिवार एक ही छत के नीचे आ जाते हैं, जिसके बाद पारिवारिक रिश्तों और मतभेदों के बीच हास्य और भावनाओं से भरी परिस्थितियां पैदा होती हैं।

सीरीज में देविशी मदान, रित्विक नांबियार और अशोक चव्हाण भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। कहानी में आर्थिक दबाव, रिश्तों की परेशानियों और नानाजी की कमजोर होती याददाश्त के साथ कटारिया कुटीर के पुनर्विकास का मुद्दा भी सामने आता है।

निर्देशक समर इकबाल ने कहा कि दूसरे सीजन में पहले सीजन के हास्य और उथल-पुथल को बरकरार रखते हुए किरदारों और उनके रिश्तों को और करीब से दिखाने की कोशिश की गई है।

राजेश तैलंग ने कहा कि 'बकाइती' से दर्शकों का जुड़ाव खास रहा है और नए सीजन में कटारिया परिवार उसी अपनापन, हास्य और पारिवारिक रिश्तों के साथ लौट रहा है।

शीबा चड्ढा ने कहा कि दोनों कटारिया परिवारों के एक छत के नीचे आने से इस बार भ्रम, बहस और हास्य के साथ पारिवारिक गर्मजोशी भी और बढ़ गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित