मुंबई , जुलाई 15 -- आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंटवारा 1947' के प्रचार के लिए फिल्म की पूरी टीम देश के 12 प्रमुख शहरों का दौरा करेगी। फिल्म का टीजर रिलीज होने के बाद दर्शकों से उसे व्यापक सराहना मिली है। इसी उत्साह को आगे बढ़ाने के लिए निर्माता अब बड़े स्तर पर प्रचार अभियान शुरू करने जा रहे हैं। फिल्म की टीम विभिन्न शहरों में जाकर दर्शकों से संवाद करेगी और फिल्म से जुड़ी विशेष जानकारियां साझा करेगी।
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी 'बंटवारा 1947' ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित एक प्रेरणादायक कहानी है। फिल्म में सनी देओल,शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है।
'बंटवारा 1947' 14 अगस्त 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता देखी जा रही है और मेकर्स को उम्मीद है कि यह विशेष प्रमोशनल अभियान फिल्म को और अधिक लोगों तक पहुंचाने में मदद करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित