भावनगर , फरवरी 24 -- पश्चिम रेलवे में गुजरात के पालीताना से बान्द्रा के लिए 'फाल्गुन फेरी' के उपलक्ष्य में एक मार्च को एक और स्पेशल ट्रेन चलेगी, इसकी टिकट बुकिंग 25 फरवरी से शुरू होगी।
मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अतुल कुमार त्रिपाठी ने मंगलवार को बताया कि यात्रियों की सुविधा तथा 'फाल्गुन फेरी' के अवसर पर पालीताना जैन मंदिर में होने वाली क्षद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे द्वारा विशेष किराये पर पालीताना और बान्द्रा टर्मिनस के बीच एक और सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।
बान्द्रा टर्मिनस से पालीताना के लिए चलने वाली बान्द्रा-पालीताना सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन (09013) 28 फरवरी शनिवार को बान्द्रा टर्मिनस से पूर्वाह्न 1100 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन 0050 बजे पालीताना पहुंचेगी। इसी प्रकार वापसी में पालीताना-बान्द्रा सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन (09014) एक मार्च रविवार को पालीताना से अपराह्न 1500 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन प्रातः 0500 बजे बान्द्रा टर्मिनस पहुंचेगी।
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में सिहोर (गुजरात), सोनगढ़, धोला, बोटाद, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, वापी एवं बोरीवली स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए सेकंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर क्लास एवं जनरल सेकेंड क्लास के कोच उपलब्ध रहेंगे। ट्रेन संख्या 09013 एवं 09014 की बुकिंग 25 फरवरी बुधवार से सभी यात्री आरक्षण केन्द्रों तथा आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर शूरू होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित