मुंबई , सितंबर 16 -- प्रदीप रंगवानी और यूवी फिल्म्स की आगामी थ्रिलर फिल्म 'प्रताप' का फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है। फिल्म में अमित साध पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फर्स्ट लुक पोस्टर में अमित साध हाथ में बंदूक थामे सख्त अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर की टैगलाइन, "इस बार निशाना बाहर नहीं, भीतर है", फिल्म की रहस्यमयी कहानी की झलक देती है।

सचिन सराफ लिखित एवं निर्देशित 'प्रताप' एक सम्मानित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की कहानी है, जिसकी जिंदगी उस समय बदल जाती है जब उसे उसी कानून का सामना करना पड़ता है, जिसकी रक्षा वह वर्षों से करता आया है। फिल्म में कर्तव्य, वफादारी और कानून तथा उसे लागू करने वालों के बीच संघर्ष को थ्रिलर के रूप में पेश किया गया है।

फिल्म में अमित साध के अलावा ईशा देओल, तिग्मांशु धूलिया, मिलिंद गुणाजी और सीमा बिस्वास भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित