पुरुलिया , जुलाई 28 -- पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता की पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में कल देर रात पुरुलिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-18 पर बेलकुड़ी के पास सात लोगों की गिरफ्तारी करके उनके पास से 322 किलोग्राम गांजा और तीन मिनी ट्रक जब्त किए गए।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "मैं हमारी कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित, समन्वित और दृढ़ कार्रवाई की सराहना करता हूं। एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, कल रात कोलकाता पुलिस और एसटीएफ ने पुरुलिया जिला पुलिस के साथ समन्वय में एक प्रमुख अंतरराज्यीय नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को इंटरसेप्ट किया। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, पुरुलिया मुफस्सिल थाने के तहत बेलकुड़ी टोल प्लाजा के पास एचएच-18 पर एक ट्रक को रोका गया। चालक की सीट के पीछे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त केबिन से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री (गांजा) बरामद की गई। ट्रक के साथ ओडिशा से आसनसोल की ओर बढ़ रहे दो एस्कॉर्ट वाहनों को भी रोका गया और कुल 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है।"पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक कुमार सनी राज ने बताया कि गिरफ्तार सात लोगों में से तीन बिहार के, एक ओडिशा का और तीन पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। पश्चिम बंगाल के निवासियों में जीवन डक और राजू पाल पूर्वी बर्दवान के हैं, जबकि उत्पल कुमार सिन्हा पश्चिम बर्दवान का निवासी है। बिहार के भोजपुर से दीपक कुमार सिंह और अजीत कुमार सिंह, बक्सर से रंजीत कुमार प्रसाद और ओडिशा के गंजम जिले से कालिआ लंका को गिरफ्तार किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित