मुंबई , अक्टूबर 29 -- सोनी सब के धारावाहिक 'पुष्पा इम्पॉसिबल' के आगामी एपिसोड में पुष्पा चिराग को उसकी गलतियों का एहसास कराते हुए सही राह पर लौटने के लिए प्रेरित करती नजर आएंगी। पुष्पा की भूमिका निभा रहीं करुणा पांडे का कहना है कि चिराग को अपनी गलतियों को पहचानना चाहिए और यह समझना चाहिए कि उसके पास अभी भी सब कुछ ठीक करने का मौका है।

धारावाहिक में टाइगर (मुकुल हरीश) के पुष्पा और शनाया (मुस्कान बामने) के करीब आने से चिराग (नितिन बाबू) जलन महसूस करने लगता है। एक छोटी लड़की की जान बचाने के बाद टाइगर को उसकी बहादुरी के लिए सराहना मिलती है, जिससे चिराग की असुरक्षा और बढ़ जाती है। टाइगर को मिल रहे ध्यान से परेशान होकर चिराग रावण दहन के दौरान रावण के पुतले के अंदर पटाखे रख देता है, ताकि उसे नुकसान पहुंचा सके। हालांकि, वह आखिरी समय पर पटाखे हटा लेता है, लेकिन इसके बावजूद विस्फोट हो जाता है और शक की सुई चिराग पर आकर टिक जाती है।

इस घटनाक्रम के बाद पुष्पा चिराग को समझाने की कोशिश करती है कि जलन और असुरक्षा में लिए गए फैसले उसे गलत दिशा में ले जा रहे हैं। वह उसे अपने व्यवहार पर विचार करने और अपने भीतर की अच्छाई बनाए रखने के लिए प्रेरित करती है।

आगामी घटनाक्रम पर करुणा पांडे ने कहा, "मैं इसे पुष्पा की जिम्मेदारी मानती हूं कि जब उसे लगे कि कोई गलत रास्ते पर जा रहा है, तो वह आगे बढ़कर उसका मार्गदर्शन करे। पुष्पा जानती है कि चिराग वह इंसान नहीं है, जो उसे बनना चाहिए और वह नहीं चाहती कि अपनी असुरक्षाओं या जलन की वजह से वह अपने भीतर की अच्छाई खो दे।"उन्होंने कहा, "कई बार लोग डर या निराशा में ऐसे फैसले ले लेते हैं, बिना यह समझे कि वे खुद को और दूसरों को कितना नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में केवल उनकी गलतियों के लिए उन्हें दोषी ठहराने के बजाय उन्हें चीजों को एक अलग नजरिए से देखने में मदद करना ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। पुष्पा चाहती है कि चिराग अपने कर्मों को पहचाने और यह समझे कि उसके पास अभी भी सब कुछ सही करने का मौका है।"करुणा पांडे के अनुसार, किसी को सही दिशा दिखाना सच्ची परवाह और इस उम्मीद से जुड़ा है कि बहुत देर होने से पहले वह सही रास्ते पर लौट आए। अब देखना होगा कि चिराग पुष्पा की सलाह मानकर अपनी गलतियों को सुधारता है या उसकी असुरक्षाएं उसे और मुश्किलों में डाल देती हैं।

'पुष्पा इम्पॉसिबल' का प्रसारण सोमवार से शनिवार रात 9.30 बजे सोनी सब पर होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित