मुंबई , जुलाई 05 -- पुष्पा इम्पॉसिबल में शनाया की भूमिका निभा रहीं मुस्कान बामने ने कहा है कि शो में भले ही उनके किरदार भावनात्मक टकराव से गुजरते हों, लेकिन पर्दे के पीछे कलाकारों के बीच गहरी दोस्ती और खुशनुमा माहौल रहता है।इन दिनों शो में शनाया के जल्दबाज़ी में चिराग (नितिन बाबू)से विवाह करने के फैसले के बाद रिश्तों में आए उतार-चढ़ाव को दिखाया जा रहा है। इस घटनाक्रम का सबसे अधिक असर मनवा (रसीका धोडाले) के साथ उसके रिश्ते पर पड़ा है, जो अब भी परिस्थितियों को स्वीकार करने की कोशिश कर रही है।
मुस्कान ने बताया कि ऑनस्क्रीन तनाव और भावनात्मक दृश्यों के विपरीत ऑफस्क्रीन वह नितिन बाबू और रसीका धोडाले के साथ बेहद अच्छी दोस्ती साझा करती हैं। तीनों अक्सर शूटिंग के बीच साथ खाना खाते हैं, मज़ाक करते हैं और एक-दूसरे को चिढ़ाते रहते हैं।उन्होंने कहा, "ऑनस्क्रीन हम लगातार बहस करते हैं, रोते हैं या भावनात्मक दृश्यों में होते हैं, लेकिन जैसे ही निर्देशक 'कट' कहते हैं, हम फिर से हँसने लगते हैं। रसीका हमेशा मज़ेदार बातचीत के लिए तैयार रहती हैं, जबकि नितिन के वन-लाइनर्स हम सभी को हँसा देते हैं। ऑफस्क्रीन हमारी यही सहजता और आपसी भरोसा भावनात्मक दृश्यों को निभाने में भी काफी मदद करता है। मुझे हर दिन सेट पर आने का इंतज़ार रहता है, क्योंकि मुझे इतने शानदार लोगों के साथ काम करने का अवसर मिलता है।"'पुष्पा इम्पॉसिबल' का प्रसारण सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे सोनी सब पर किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित