रायपुर , मार्च 05 -- छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक भावनात्मक वीडियो साझा करते हुए बताया कि दो दिन पहले नक्सल संगठन से पुनर्वास कर मुख्यधारा में लौटे भाई-बहनों ने पहली बार समाज के बीच खुलकर होली मनाई।

श्री शर्मा ने कहा कि यह दृश्य केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि जीवन के बदलते अध्याय का प्रतीक है। कभी भय, अनिश्चितता और हिंसा के साये में जीवन बिताने वाले ये लोग आज विश्वास, सुरक्षा और अपनत्व के वातावरण में रंगों से सराबोर नजर आए।

गृहमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि उनके चेहरों की मुस्कान इस बात का प्रमाण है कि पुनर्वास केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि नए जीवन की सशक्त शुरुआत है। यह होली उनके लिए सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि शांति, सम्मान और मुख्यधारा में लौटे जीवन का उत्सव है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आत्मसमर्पण नहीं, बल्कि समग्र पुनर्वास, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना है, ताकि समाज में स्थायी शांति स्थापित हो सके।

इस अवसर पर साझा किया गया वीडियो सामाजिक समरसता और सकारात्मक बदलाव का संदेश देता है। सच मायनों में बदलाव के रंग अब इन परिवारों के जीवन में उतर आए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित