मुंबई , अक्टूबर 14 -- फिल्म 'पहला प्यार दूसरी बार' के निर्माताओं ने छह नए चेहरों की जोड़ियों वाले आकर्षक पोस्टर्स जारी किए हैं। इन पोस्टर्स में रोमांस, मस्ती, नोकझोंक और युवा प्रेम के बेबाक अंदाज की झलक देखने को मिल रही है। लव फिल्म्स की यह रोमांटिक कॉमेडी 23 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म के नए पोस्टर्स में छह कलाकारों स्पर्श वालिया, अलीशा चोपड़ा, कुणाल वैद, साक्षी वैद्य, तुषार छिब्बर और सरगुन कौर लूथरा की ऑन-स्क्रीन जोड़ियों के बीच की केमिस्ट्री दिखाई गई है। पोस्टर्स में युवा प्रेम की शरारतों, दोस्ती और रिश्तों के दिलचस्प समीकरणों को अनूठे अंदाज में पेश किया गया है।
एक पोस्टर में कुणाल वैद और साक्षी वैद्य मस्तीभरे पिगीबैक पोज में नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरे पोस्टर में अलीशा चोपड़ा ने स्पर्श वालिया को चमकीले पीले रंग के 'सावधान' टेप में लपेट रखा है, जो रिश्तों में रेड फ्लैग के संकेत को मजेदार अंदाज में दर्शाता है। एक अन्य पोस्टर में तुषार छिब्बर, सरगुन कौर लूथरा को अपने कंधों पर उठाए नजर आ रहे हैं।
डेब्यूटेंट निर्देशक अनुज सैनी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का सह-निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग ने किया है। लव रंजन, जहान हांडा और अनुज सैनी ने फिल्म की कहानी लिखी है।
'पहला प्यार दूसरी बार' में प्यार, दोस्ती, पहला क्रश और रिश्तों को दूसरा मौका मिलने जैसे पहलुओं को हास्य और रोमांस के साथ पेश किया गया है। नई कलाकारों की टोली, संगीत और आधुनिक रिश्तों की कहानी के जरिए फिल्म युवाओं के बीच प्रेम और दोस्ती के बदलते मायनों को सामने लाने का प्रयास करती है।
फिल्म 23 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित