नयी दिल्ली/उत्तर 24 परगना, 02 मार्च (वार्ता) केंद्रीय कृषि मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में आयोजित 'परिवर्तन यात्रा' में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार के खिलाफ हुंकार भरते हुये कहा कि बंगाल की जनता बदलाव के लिये तैयार है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कुशासन से त्रस्त और थकी हुई है तथा राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
श्री चौहान ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि जिस सरकार ने 'मां, माटी, मानुष' का नारा दिया था, आज वही मां लहूलुहान है, माटी खून से सनी है और मानुष अन्याय व उत्पीड़न से पीड़ित है।"श्री चौहान ने कहा कि आज टीएमसी का अर्थ है-टी से टॉर्चर और ट्रैजेडी, एम से मनी, मर्डर और माफिया, तथा सी से करप्शन, क्राइम और क्रुएल्टी (क्रूरता) है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार, अपराध और भय का माहौल है।
श्री चौहान ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में बहनों और बेटियों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने संदेशखाली प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि टीएमसी शासन में कई 'शेख शाहजहां' जैसे लोग महिलाओं की अस्मिता को खतरे में डाल रहे हैं।
श्री चौहान ने इस अवसर पर रेखा पात्रा, जिन्होंने शेख शाहजहां के खिलाफ पहली शिकायत दर्ज कराई थी, और पद्मा मंडल, जिन्होंने अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाई, को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की गारंटी देगी।
श्री चौहान ने कहा कि अवैध घुसपैठियों के कारण बंगाल के लोगों के अधिकार छीने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी घुसपैठिए जमीन, संसाधन और रोजगार पर अवैध कब्जा कर रहे हैं। यही कारण है कि जनता परिवर्तन का संकल्प ले चुकी है।
श्री चौहान ने आरोप लगाया कि टीएमसी का सिंडिकेट पहले घुसपैठ कराता है, फिर आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र बनवाता है। जब सत्यापन के बाद गैर-भारतीय नागरिकों के नाम हटाए जाते हैं तो विरोध और नाटक शुरू हो जाता है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा का संकल्प है-हर अवैध घुसपैठिए की पहचान कर उसे हटाया जाएगा।
श्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के रोजगार के अवसर नष्ट कर दिए हैं। उन्होंने शिक्षक भर्ती घोटाले और अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार का उल्लेख करते हुए कहा कि हजारों योग्य युवाओं को नौकरी से वंचित किया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले बेरोजगारी भत्ता देना एक दिखावा है। बंगाल का युवा अब इन 'लॉलीपॉप' से भ्रमित नहीं होगा।
श्री चौहान ने बंगाल की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि राष्ट्र को दिशा देने वाली रही है। उन्होंने कहा कि इसी भूमि पर हुई-रवींद्रनाथ टैगोर और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के कार्यों से राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत की रचना हुयी। उन्होंने कहा कि 'वंदे मातरम्' की गूंज ने देशभर में राष्ट्रभावना जागृत की। साथ ही स्वामी विवेकानंद, श्री अरविंद और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि बंगाल ने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक राष्ट्रवाद की धारा दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित