चेन्नई , अक्टूबर 30 -- सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (डीवीएसी) ने बताया कि 634 करोड़ रुपये के 'नौकरी के बदले पैसे' घोटाले के सिलसिले में वरिष्ठ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) नेता और तमिलनाडु के पूर्व नगर प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन मंत्री केएन नेहरू से जुड़ी 25 जगहों पर दिन भर छापेमारी की गई। इस दौरान 170 अहम् दस्तावेज और 13 डिजिटल सबूत जब्त किए गए।
कल देर रात जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में डीवीएसी ने बताया कि मद्रास उच्च न्यायालय से इस करोड़ों रुपये के घोटाले की जांच की अनुमति मिलने के बाद एक शिकायत के आधार पर केएन नेहरू और सात अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इसमें कहा गया है कि नगर प्रशासन और जल आपूर्ति (एमएडब्ल्यूएस) विभाग में अलग-अलग पदों पर 2,538 लोगों को नौकरी देने के बदले जो पैसे लिए गए थे, उन्हें हवाला के जरिए भेजा गया था।
जांच के एक चरण के तहत डीवीएसी ने चेन्नई, त्रिची, कोयंबटूर, नमक्कल और तिरुनेलवेली जिलों में डीएमके नेता से जुड़ी25 जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान भ्रष्टाचार को साबित करने वाले 170 दस्तावेज और 13 डिजिटल सबूत जब्त किए गए।
डीएवीसी ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित