चमोली , जून 01 -- उत्तराखंड के सीमांत जिले चमोली की सुरम्य एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी में 31 मई से दो जून तक आयोजित हो रहे 'नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन' के अंतर्गत विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को सोमवार को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत आयोजित यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में सीमांत गांवों को "देश का पहला गांव" मानते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए 'नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन' जैसे आयोजन उनका जीवंत उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ रिवर्स माइग्रेशन को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि नीति क्षेत्र में होम स्टे की संख्या 35 से बढ़कर 450 से अधिक हो चुकी है, जो इस क्षेत्र में पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि 11 हजार फुट की ऊंचाई पर आयोजित यह अल्ट्रा रन युवाओं के अदम्य साहस, ऊर्जा और आत्मविश्वास का प्रतीक बनकर उभरा है। यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों के स्वाभिमान, स्वावलंबन और नए विश्वास की नई इबारत है। उन्होंने कहा यह अभियान यहीं नहीं रुकेगा, बल्कि उत्तराखंड की हर सीमांत घाटी तक पहुंचेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित