हैदराबाद , अप्रैल 15 -- तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने बुधवार को शहर में महिलाओं के नेतृत्व वाली बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' लागू होने के उपलक्ष्य में आयोजित की गयी थी, जो संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करता है।

यह अधिनियम 2023 में ही बन गया था, हालांकि गुरुवार से शुरू हो रहे संसद के सत्र में इसमें संशोधन हो सकते हैं। इसके मद्देनजर यह रैली आयोजित की गयी थी।

नारायणगुडा स्थित केशव मेमोरियल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में भाजपा महिला मोर्चा और भाजपा युवा मोर्चा आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मीडिया से बातचीत में श्री रामचंद्र राव ने अधिनियम को भारत की लोकतांत्रिक यात्रा में ऐतिहासिक सुधार बताया। उन्होंने कहा कि यह विधायी और निर्णय लेने वाली संस्थाओं में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह कदम सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि सार्वजनिक जीवन में महिलाओं के लिए सार्थक प्रतिनिधित्व की गारंटी देता है।

उन्होंने उल्लेख किया कि 33 प्रतिशत आरक्षण दशकों की देरी और अधूरे वादों के अंत का प्रतीक है, जो महिलाओं के सशक्तीकरण के नये चरण की शुरुआत कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में बढ़ते प्रतिनिधित्व के साथ, महिलाएं कानूनों और नीतियों को आकार देने में अधिक निर्णायक भूमिका निभायेंगी।

महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास के हकीकत बनने पर जोर देते हुए, श्री राव ने कहा कि यह पहल एक मजबूत, अधिक समावेशी और आत्मनिर्भर भारत में योगदान दे रही है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि संप्रग शासन में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल जैसे उसके सहयोगियों ने भी इस विधेयक का समर्थन नहीं किया था, जो राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी दर्शाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित