, April 17 -- पटना, 17 अप्रैल। बिहार भाजपा(भारतीय जनता पार्टी) के प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रवक्ता अनामिका पासवान ने शुक्रवार को कहा कि 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के माध्यम से महिलाओं का सपना साकार हो रहा है।

श्रीमती पासवान ने कहा कि इस अधिनियम से महिलाओं के लिए राजनीति के क्षेत्र में इतनी बड़ी साझेदारी किसी सपने के साकार होने की तरह है। उन्होंने कहा कि वर्षों के संघर्ष और प्रतीक्षा के बाद अब महिलाओं को उनका अधिकार, सम्मान तथा समानता मिल रही है।

भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि यह अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने का मजबूत माध्यम है। इसके जरिए महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलेगा, जिससे उनकी आवाज नीति-निर्माण तक पहुंचेगी।

भाजपा की नेता ने कहा कि वर्षों तक महिला आरक्षण को केवल राजनीतिक मुद्दा बनाकर रखा गया, लेकिन इसे लागू करने का साहस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने दिखाया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं के अधिकारों को नई दिशा देगा और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित