रायपुर , सितंबर 10 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से सोशल मीडिया पर कांग्रेस को 'नाराज फूफा' बताए जाने पर पलटवार करते हुए गुरुवार को कहा कि 'नाराज फूफा' तो पूरे देश की जनता है और प्रदेश तथा देश की जनता सरकार से त्रस्त हो चुकी है।
श्री बैज ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जनता को वास्तविक मुद्दों से भटकाने के लिए भाजपा इस तरह की बातें कर रही है। उन्होंने कहा, "फूफा किसे कह रहे हैं, असली फूफा तो आप लोग (भाजपा) हैं। नकली पेट्रोल बेचा जा रहा है, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हुए हैं। डबल इंजन की सरकार से जनता परेशान है।"दरअसल, भाजपा ने सोशल मीडिया पर एक रैप सॉन्ग वीडियो जारी किया है, जिसमें सरकार की आलोचना करने वालों को 'नाराज फूफा' बताया गया है। इसी को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल के फैसलों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री बैज ने कहा कि सरकार कई कैबिनेट बैठक कर ले लेकिन देश के साथ प्रदेश की जेन जी को नहीं साध सकती। जेन जी के लिए सरकार ने कुछ नहीं किया। शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग चौपट हो चुके हैं। अव्यवस्थाओं को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं और युवाओं के लिए सरकार के पास कुछ भी नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा की प्रस्तावित यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा का दोहरा चरित्र सामने आ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी पेट्रोल-डीजल बचाने की बात करते हैं और इधर 25 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर यात्रा निकाल रहे हैं। एथेनॉल मिलाकर डुप्लीकेट पेट्रोल दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "गोधरा कांड से लेकर जेन जी आंदोलन तक यही चल रहा है। महंगाई चरम पर है, और आम जनता त्रस्त है। नौकरियां नहीं है। भाजपा लोकतंत्र को कुचलने का काम कर रही है, पहले भाजपा को आम जनता से माफी मांगनी चाहिए। धोखा देने और जुमलेबाजी के अलावा सरकार कुछ नहीं कर रही है।"उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा अधिकारियों को क्षेत्र में जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए जाने पर श्री बैज ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में पानी निकासी का कोई साधन नहीं है। इस वर्ष कम बारिश हुई, फिर भी कई शहरों में पानी भर गया। कई शहरों में तो नाव चलने की स्थिति बन गई। व्यवस्थाएं पूरी तरह चौपट हो चुकी हैं। यही हाल ग्रामीण क्षेत्रों का भी है और आम जनता को सुविधा देने में सरकार पूरी तरह विफल रही है।
कांग्रेस के संगठनात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि आज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण चल रहा है। आज से तीन दिन तक ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की ट्रेनिंग शुरू होने जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित