चंडीगढ़ , सितंबर 19 -- भारतीय जनता पार्टी की ओर से नशे के खिलाफ निकाली जा रही 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' 21 सितंबर को बठिंडा के तलवंडी साबो से शुरू होगी और 28 सितंबर को नाभा विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेगी। यात्रा का संदेश ''भाजपा का आह्वान-नशे का पूरी तरह खात्मा'' रखा गया है।

भाजपा पंजाब के सचिव चरनजीत सिंह बराड़, भाजपा दक्षिण मंडल अध्यक्ष हरमेश गोयल और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा पंजाब के उपाध्यक्ष परमजीत सिंह कैन्थ ने शनिवार को प्रस्तावित मार्ग का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की।

श्री कैन्थ ने कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाना सामूहिक जिम्मेदारी है और उन्होंने नाभा के लोगों से 28 सितंबर को यात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को जालंधर में बड़ी रैली आयोजित की जाएगी, जिसे भाजपा के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। इस दौरान भाजपा के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित