ढाका , मार्च 25 -- बंगलादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने 1971 के पाकिस्तान सेना के कुख्यात अभियान 'ऑपरेशन सर्चलाइट' की कड़ी निंदा करते हुए इसे एक 'पूर्व-नियोजित सामूहिक हत्याकांड' करार दिया है।

श्री रहमान ने एक्स पर एक बयान में पांच दशक से भी अधिक समय पहले किए गए कत्लेआम को याद करते हुए कहा, " बंगलादेश के इतिहास में 25 मार्च 1971 सबसे अपमानजनक और क्रूर दिनों में से एक है। इतिहास की उस सबसे काली रात को, पाकिस्तानी कब्जे वाली सेना ने 'ऑपरेशन सर्चलाइट' के नाम पर बंगलादेश के निहत्थे लोगों के खिलाफ इतिहास के सबसे जघन्य नरसंहारों में से एक को अंजाम दिया था।"सैन्य अभियान को याद करते हुए श्री रहमान ने कहा कि पाकिस्तान सेना ने छात्रों, शिक्षाविदों और नागरिकों को अंधाधुंध निशाना बनाया था और ढाका विश्वविद्यालय, पिलखाना और राजारबाग पुलिस लाइन्स सहित पूरे देश में निरंतर हमले किए थे।

अनुमान बताते हैं कि अकेले विश्वविद्यालय परिसर में सैकड़ों लोग मारे गए थे, जबकि हजारों नागरिकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। ऐतिहासिक वृत्तांतों के अनुसार, 'ऑपरेशन सर्चलाइट' में हताहत होने वाले बंगालियों की संख्या तीन लाख से 30 लाख के बीच है, जबकि लगभग दो लाख से चार लाख महिलाओं को यौन प्रताड़ना और सामूहिक बलात्कार का शिकार बनाया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित