अजमेर , अक्टूबर 18 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अजमेर शहर जिला द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को जवाहर रंगमंच, अजमेर में 'नमो अनकही कहानियां' की भव्य एवं प्रेरणादायी नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया गया।

नाट्य प्रस्तुति में 40 कलाकारों ने शिरकत की। नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से श्री मोदी के जीवन संघर्ष, राष्ट्र के प्रति समर्पण, जनसेवा के संकल्प और देश के विकास के लिए किए गए उनके प्रयासों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, भाजपा अजमेर शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी एवं महापौर अनामिका शर्मा ने भारत माता के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित करके किया। नाट्य प्रस्तुति के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंगों को देखा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का संदेश ग्रहण किया।

इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि श्री मोदी का सार्वजनिक जीवन संघर्ष, सेवा, समर्पण और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की प्रेरणादायी यात्रा है। उनके जीवन के 25 वर्ष सार्वजनिक सेवा को समर्पित रहे हैं, जो देश के प्रति उनके निरंतर समर्पण और जनकल्याण की भावना को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा, सुशासन और विकास को प्राथमिकता दी है। उनका जीवन यह संदेश देता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, स्पष्ट लक्ष्य और देश के प्रति समर्पण की भावना के साथ कार्य किया जाए तो कठिन से कठिन चुनौतियों का सामना करते हुए भी सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।

श्री देवनानी ने कहा कि 'नमो अनकही कहानियां' जैसी नाट्य प्रस्तुतियां केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे समाज को प्रेरणा देने, राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध जगाने और नई पीढ़ी को देश के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संदेश देने का सशक्त माध्यम हैं। नाटक के माध्यम से श्री मोदी के जीवन से जुड़े संघर्ष, संकल्प और सेवा के भाव को जिस प्रकार प्रस्तुत किया गया, वह युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग को प्रेरित करने वाला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित