मुंबई , सितंबर 30 -- एमेज़ॅन एमजीएम स्टूडियोज़ और कलर येलो ने अपनी आगामी फिल्म 'नई नवेली' का ट्रेलर रिलीज कर दिया है।बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में यामी गौतम धर मोहिनी के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म में एक आदर्श नई बहू, अतरंगी परिवार और रहस्यमय राज की कहानी को हास्य, रोमांच, फैंटेसी और एक्शन के साथ पेश किया गया है।
फिल्म की कहानी मेरठ में रहने वाले अवस्थी परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। परिवार में नई बहू मोहिनी के आने के बाद घटनाओं का ऐसा सिलसिला शुरू होता है, जो धीरे-धीरे एक रहस्यमय और काल्पनिक दुनिया का दरवाजा खोल देता है। 'भाभी डायन है' का रहस्य फिल्म की कहानी को अप्रत्याशित मोड़ देता है।
हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा द्वारा लिखित इस फिल्म का निर्माण आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने किया है। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी जी.वी. प्रकाश कुमार ने संभाली है।
निर्देशक बालाजी मोहन ने कहा कि 'नई नवेली' की शुरुआत एक ऐसे परिवार से होती है, जो दर्शकों को अपना-सा लगेगा, लेकिन कहानी आगे बढ़ते हुए एक अप्रत्याशित मोड़ लेती है। उन्होंने कहा कि फिल्म में पारिवारिक रिश्तों और हास्य के साथ एक काल्पनिक दुनिया को भव्य अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
मोहिनी का किरदार निभा रहीं यामी गौतम धर ने कहा कि यह किरदार उनकी अपेक्षाओं से बिल्कुल अलग है। इसमें अपनापन और रहस्य दोनों हैं तथा फिल्म में परिवार, हास्य, भावनाओं, जादुई दुनिया और एक्शन का अनूठा मेल देखने को मिलेगा।
'नई नवेली' 16 अक्टूबर, 2026 को दशहरे के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित