मुंबई , अप्रैल 11 -- अभिनेत्री कायादु लोहार फिल्म 'द पैराडाइज' में सुब्बालक्ष्मी की भूमिका में नजर आयेंगी।

फिल्म द पैराडाइज में 'नेचुरल स्टार' नानी लीड रोल में हैं और इसका निर्देशन श्रीकांत ओडेला कर रहे हैं। यह फिल्म अपने चार्टबस्टर गाने 'आया शेर' की वजह से लगातार सुर्खियों में बनी हुई है, जो कि अनिरुद्ध रविचंदर द्वारा कंपोज़ किया गया नानी का एक धमाकेदार इंट्रोडक्टरी गाना है।

'द पैराडाइज' के मेकर्स ने एक बहुत ही शानदार नया पोस्टर जारी किया है, जिसमें दर्शकों की मुलाकात सुब्बालक्ष्मी से करवाई गई है, जिन्हें प्यार से 'सुब्बू' कहा जाता है। कायादु लोहार के जन्मदिन के मौके पर रिलीज किए गए इस पोस्टर ने नानी स्टारर इस बहुप्रतीक्षित फिल्म में उनके किरदार को लेकर फैंस के बीच अभी से काफी जिज्ञासा पैदा कर दी है।

सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर करते हुए टीम ने कैप्शन में लिखा, "वो सितारा जो कभी चमक नहीं पाया... मिलिए सुब्बू से... #द पैराडाइजकी दुनिया से सुब्बालक्ष्मी। शानदार कायाडू लोहार को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। 21 अगस्त, 2026 को दुनिया भर में ग्रैंड रिलीज" पोस्टर में कायादु लोहार, सुब्बू के रूप में साइकिल चलाती हुई नज़र आ रही हैं। फिल्म में उनका यह लुक पारंपरिक ग्लैमरस किरदारों से काफी अलग लग रहा है, जिससे संकेत मिलता है कि उनका रोल असल जिंदगी से जुड़ा और कहानी के लिहाज से काफी मजबूत हो सकता है। हालांकि मेकर्स ने अभी ज्यादा जानकारी छिपा कर रखी है, लेकिन इस खुलासे ने फिल्म की बड़ी दुनिया में उनके किरदार की अहमियत को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।

एसएलवी सिनेमाज द्वारा निर्मित, 'द पैराडाइज' 21 अगस्त, 2026 को हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम सहित आठ भाषाओं में बड़े पर्दे पर रिलीज होने के लिए तैयार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित