नयी दिल्ली , फरवरी 14 -- मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल ने बहुप्रतीक्षित फिल्म दृश्यम- 3 की रिलीज़ डेट की पुष्टि कर प्रशंसकों का उत्साह और बढ़ा दिया है। यह फिल्म 2 अप्रैल को दुनियाभर में रिलीज़ होगी। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर एक आकर्षक नया पोस्टर साझा करते हुए इसकी घोषणा की।
इस पोस्टर में मोहनलाल केले के बागान के बीच खड़े दिखाई दे रहे हैं और फ्रेम से बाहर किसी दिशा में गंभीर नजरों से देख रहे हैं। पोस्टर में वही रहस्यमयी और तनावपूर्ण माहौल झलकता है, जो इस फ्रेंचाइज़ी की पहचान रहा है। पोस्ट साझा होते ही प्रशंसकों ने कमेंट सेक्शन में उत्साह की बाढ़ ला दी।
मूल मलयालम फिल्म'दृश्यम 3' हिंदी रूपांतरण से छह महीने पहले रिलीज़ होगी। 'दृश्यम 3'हिंदी संस्करण में अजय देवगन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जिसकी रिलीज़ अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित है। मोहनलाल एक बार फिर 'जॉर्जकुट्टी' के किरदार में दिखाई देंगे, जो पहले दो भागों का केंद्रीय पात्र रहा है।
नया पोस्टर मूल फिल्म की दृश्य शैली और मूड को दर्शाता है, जिससे कहानी की निरंतरता का संकेत मिलता है। फिल्म की टैगलाइन "पास्ट नेवर स्टेज साइलेंट " (अतीत कभी खामोश नहीं रहता) यह इशारा करती है कि पिछली घटनाओं के परिणाम इस बार भी कहानी को प्रभावित करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित