मुंबई , सितंबर 23 -- अभिनेत्री सम्वेदना सुवाल्का फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' में एडवोकेट गायत्री मोहन के किरदार में एक बार फिर नजर आएंगी।सम्वेदना सुवाल्का ने यह भूमिका पहली बार 'दृश्यम 2' में निभायी थी।

फिल्म में वापसी से पहले सम्वेदना ने 'दृश्यम 2' की शूटिंग के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कोर्टरूम सीन को लेकर वह काफी नर्वस थीं, क्योंकि उनके साथ अजय देवगन, तब्बू और रजत कपूर जैसे कलाकार मौजूद थे।

सम्वेदना ने कहा, "दृश्यम 2 की शूटिंग मेरी जिंदगी की सबसे बेहतरीन शूटिंग्स में से एक थी। 2022 में जब मुझे यह रोल मिला था, तब मैं काफी नर्वस थी। मुझे लगा था कि मुझे अपना कोर्टरूम मोनोलॉग पूरी कास्ट के सामने परफॉर्म करना होगा। हालांकि ऐसा नहीं हुआ, लेकिन लोगों से भरे कोर्टरूम में वह सीन करना किसी लाइव ऑडियंस के सामने परफॉर्म करने जैसा था।"उन्होंने निर्देशक अभिषेक पाठक को भी रचनात्मक स्वतंत्रता देने का श्रेय दिया। सम्वेदना ने बताया कि निर्देशक ने उन्हें अपने तरीके से सीन करने के लिए प्रोत्साहित किया और पहला टेक उन्हें पसंद आया।

उन्होंने कहा, "अभिषेक पाठक ने मुझे गायत्री के किरदार को अपनी समझ के अनुसार निभाने की पूरी आजादी दी। उन्होंने कहा कि पहले अपने तरीके से एक टेक करते हैं और फिर देखते हैं कि वह काम करता है या नहीं। किस्मत से उन्हें मेरा टेक पहली ही कोशिश में पसंद आ गया। उस दिन जब अजय सर कोर्टरूम से जा रहे थे, तो उन्होंने मेरी पीठ थपथपाई। वह मेरे लिए सबसे बेहतरीन दिनों में से एक था।"'गेट, सेट, गो' की रिलीज के बाद सम्वेदना अब 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' में एडवोकेट गायत्री के रूप में कोर्टरूम में वापसी करेंगी। फिल्म में अजय देवगन, तब्बू, रजत कपूर, प्रकाश राज और जयदीप अहलावत भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। फिल्म दो अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित