पटना , अक्टूबर 06 -- ंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार के निदेशक श्री विपुल उज्ज्वल की अध्यक्षता में "दानवीर" पहल की प्रगति को लेकर वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ एवं पंजाब राज्यों के वरीय पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में बिहार की ओर से श्री नवीन कुमार सिंह,निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार द्वारा "दानवीर" पहल की प्रगति एवं राज्य में इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
दानवीर पहल की शुरुआत प्रारंभिक रूप से आंध्र प्रदेश एवं महाराष्ट्र में की गई थी। अब इस पहल का विस्तार बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा एवं पंजाब में किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से आम नागरिक ग्राम पंचायतों एवं पुस्तकालयों के उपयोग के लिए विभिन्न प्रकार की परिसंपत्तियां/एसेट दान कर सकेंगे।
समीक्षा बैठक में निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार ने बताया कि "दानवीर" पहल को सफल बनाने के लिए राज्यभर में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में राज्य के सभी जिला पंचायत राज पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे तथा अधिक से अधिक नागरिकों एवं संस्थाओं को इस पहल से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि बिहार की समृद्ध सामाजिक परंपरा एवं प्रगतिशील नागरिकों की सहभागिता इस पहल को नई गति दे सकती है। राज्य के प्रत्येक गांव में ऐसे लोग हैं जो अपनी इच्छा से ग्राम पंचायतों एवं सामुदायिक संस्थानों के लिए उपयोगी परिसंपत्तियों का दान करना चाहते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित