कोलकाता , सितंबर 19 -- केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सुकांत मजूमदार ने आगामी नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट के उपचुनावों से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों के नाम वापस लेने और पीछे हटने के घटनाक्रम पर सुश्री ममता बनर्जी नीत पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि तृणमूल कांग्रेस की 'एक्सपायरी डेट' पूरी हो चुकी है।
श्री मजूमदार ने शनिवार को कोलकाता की नेशनल लाइब्रेरी में आयोजित रोजगार मेले से इतर पत्रकारों से बातचीत करते हुए तृणमूल कांग्रेस के राजनीतिक तौर-तरीकों पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि 2021 के विधानसभा चुनावों के बाद तृणमूल कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालयों पर हमले किए थे। उन्होंने कहा, "हम चाहते तो तृणमूल के सभी पार्टी कार्यालयों को उसी तरह ध्वस्त कर सकते थे, जैसे उन्होंने हमारे दफ्तरों पर हमले किए थे, लेकिन हमारी पार्टी इस प्रकार की राजनीतिक हिंसा की संस्कृति में विश्वास नहीं करती।"उन्होंने आरोप लगाया कि 2021 के चुनावों के बाद सुश्री बनर्जी के अपने संसदीय क्षेत्र भवानीपुर में भाजपा के एक कार्यालय में आग लगा दी गयी थी।
नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों के उपचुनावों में उम्मीदवारों के पीछे हटने पर श्री मजूमदार ने कहा कि जनता के बीच तृणमूल का आधार खत्म हो चुका है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को नंदीग्राम से तृणमूल की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद अपना नामांकन वापस ले लिया था। इसके बाद तृणमूल नेतृत्व ने राष्ट्रीय स्तर पर 'इंडिया' गठबंधन को मजबूती देने का हवाला देते हुए वहां कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देने की घोषणा की थी।
कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं और उन्हें जमानत मिलेगी या नहीं, इसका फैसला अदालत आरोपों की गंभीरता के आधार पर करेगी।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर चुटकी लेते हुए कहा, "अब तक जब बंगाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पीटा जाता था और उन पर बम फेंके जाते थे, तब कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मुंह से एक शब्द नहीं निकलता था और वह सुश्री ममता बनर्जी का प्यार चुपचाप सुनते रहते थे, लेकिन अब वह बोलने लगे हैं।"तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न (जोड़ा फूल) को जब्त करने के निर्वाचन आयोग के फैसले का बचाव करते हुए श्री मजूमदार ने कहा कि जब दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों ने एक ही चिह्न पर दावा ठोका, तो आयोग के पास इसे फ्रीज करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। उन्होंने कहा, "दो दावेदार एक ही चिह्न का इस्तेमाल नहीं कर सकते। 'जोड़ा फूल' को फाड़कर दो अलग-अलग लोगों में नहीं बांटा जा सकता।"केंद्रीय मंत्री ने विश्वास जताया कि आगामी छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी नंदीग्राम और रेजीनगर दोनों सीटों पर भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित