पटना , अक्टूबर 08 -- बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को 'ज्ञानेश कुमार को हटाओ, लोकतंत्र बचाओ' के नारों के साथ कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया।

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में शहीद स्मारक से राजभवन तक निकाले गये विशाल मार्च में हजारों की संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का मुद्दा उठाया।

मार्च के दौरान पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिये गये नेताओं और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग थानों में रखा गया।

श्री राम ने मार्च को संबोधित करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को हटाये बिना लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बहाल नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को इस्तीफा देना ही होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित