खैरथल-तिजारा , सितम्बर 30 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान प्रभारी संजय भाटिया ने कहा है कि हिमाचल, कर्नाटक और पंजाब में कांग्रेस चुनाव जीतती है तो उसे अपनी काबिलीयत बताती है, लेकिन जहां चुनाव हारती है, वहां वोट चोरी का आरोप लगाने लगती है।
श्री भाटिया बुधवार को राजस्थान में खैरथल-तिजारा में हुई संगठनात्मक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस से आत्मचिंतन करने की बात कहते हुए कहा कि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी बनकर रह गयी है, जबकि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भाजपा से कार्यकर्ताओं के सम्मान की सीख लेनी चाहिए।
भाजपा की अंदरूनी नीति पर चर्चा करते हुए श्री भाटिया ने कहा कि पंचायत और निकाय चुनाव सत्ता के विकेंद्रीकरण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और भाजपा ऐसे कार्यकर्ताओं को आगे लाना चाहती है, जो जनता के बीच स्वीकार्य होने के साथ सरकार के साथ तालमेल कर विकास कार्यों को गति दे सकें।
उन्होंने स्थानीय निकाय चुनावों में निर्दलीयों के बढ़ते प्रभाव और सर्वे-बायोडाटा के बावजूद नये चेहरों को मौका दिए जाने के सवाल पर कहा कि स्थानीय चुनावों में सामाजिक समीकरण महत्वपूर्ण होते हैं। भाजपा में एक पद के लिए कई योग्य कार्यकर्ता होते हैं, लेकिन टिकट एक ही व्यक्ति को दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कई बार पार्टी से जुड़े लोग निर्दलीय चुनाव लड़कर भी जनता का समर्थन हासिल करते हैं। जनता का फैसला सर्वोपरि है और भाजपा हर जनादेश का सम्मान करती है।
तिजारा नगर परिषद चुनाव के दौरान पार्षदों को रोके जाने और वायरल वीडियो से जुड़े सवाल पर भी श्री भाटिया ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने इसे कांग्रेस की कथित आंतरिक लोकतांत्रिक कमी से जोड़ते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल का उदाहरण दिया।उन्होंने कहा कि जब उसके अपने शीर्ष नेतृत्व ने विधायकों को दिल्ली बुलाया, तब विधायक इधर-उधर चले गए और राजस्थान पुलिस तक को केंद्रीय नेतृत्व के खिलाफ लगाया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने पुराने इतिहास और समस्याओं को भाजपा पर थोपने की कोशिश न करे।
श्री भाटिया ने बताया कि बैठक में जिले के सभी पदाधिकारी, जिला प्रभारी, संभाग प्रभारी, चुनाव प्रबंधन टोली और संचालन समिति के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों की समीक्षा और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना रहा। उन्होंने कहा कि पंचायती राज और निकायों के जनप्रतिनिधियों के जरिए विकास की योजनाओं को गांव, ब्लॉक और जिले तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित