भोपाल , अक्टूबर 14 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर 13 अक्टूबर को अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे आदिवासी छात्र-छात्राओं के साथ पुलिस के कथित अभद्र व्यवहार और जातिगत अपमान पर आपत्ति जताई है। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पटवारी ने कहा कि 'जय जोहार' आदिवासी समाज की अस्मिता, संस्कृति और सम्मान का प्रतीक है। अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करना नागरिकों का अधिकार है और प्रदर्शनकारियों की बात सुनने के बजाय उन्हें कथित रूप से अपमानित करना स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जो गृह विभाग की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं, और पुलिस महानिदेशक से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अधिकारियों की जवाबदेही तय होना आवश्यक है।

पटवारी ने चेतावनी दी कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी कमिश्नर कार्यालय का घेराव करेगी। आवश्यकता पड़ने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन भी किया जाएगा। ये आरोप और मांगें प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कही गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित