मुंबई , अगस्त 04 -- राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीतकार अमित त्रिवेदी ने कहा है कि उनके नए गीत 'फील बनाते हैं' की हुक लाइन 'चल ना रील बनाते हैं' आज की पीढ़ी की जीवनशैली से जुड़ी होने के कारण बेहद रिलेटेबल है।स्टार प्लस के नए शो 'ये फितूर तेरा' के पांच अगस्त को होने वाले प्रीमियर से पहले जारी किए गए इस गीत को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। गीत का कैची हुक, आधुनिक संगीत और जेन-ज़ी की भाषा इसे युवा दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा है।

अमित त्रिवेदी ने कहा, "हमें 'ये फितूर तेरा' जैसे जेन-ज़ी शो के लिए एक मज़ेदार गीत चाहिए था। गाने का विचार यह था कि एक लड़की अपने पसंद के लड़के के लिए गा रही है। इसी सोच और आज के दौर को ध्यान में रखते हुए हमारे दिमाग में 'चल ना रील बनाते हैं' लाइन आई। आजकल हर कोई रील बना रहा है, इसलिए यह लाइन बहुत रिलेटेबल लगी।"उन्होंने गीतकार गीत सागर की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने गाने के बोल बेहद खूबसूरती से लिखे हैं और महिला किरदार की भावनाओं को प्रभावी ढंग से शब्दों में पिरोया है।

अमित त्रिवेदी ने कहा कि इस गीत को तैयार करने में उन्हें काफी आनंद आया। उनके अनुसार लंबे समय बाद उन्हें इतना हल्का-फुल्का और मनोरंजक गीत तैयार करने का अवसर मिला।उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को यह गीत और 'ये फितूर तेरा' की दुनिया पसंद आएगी।

'ये फितूर तेरा' का प्रीमियर पांच अगस्त से हर रात साढ़े आठ बजे स्टार प्लस पर होगा। यह शो जियोहॉटस्टार पर भी स्ट्रीम किया जा सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित