नयी दिल्ली , अक्टूबर 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से समाप्त हो चुकी है और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य को 'गुंडाराज और जंगलराज' में तब्दील कर दिया है। भाजपा ने कहा है कि अगर श्री मान से राज्य की कानून-व्यवस्था संभाली नहीं जा रही है, तो उन्हें तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कट्टर बेईमान अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) यानी 'पापी आप ' लगातार पाप कर रही है और अब आप का मतलब 'अराजक अपराध पार्टी' हो गया है। उन्होंने कहा कि हर दिन अखबार खोलने या टेलीविजन पर समाचार देखते समय पंजाब से अपराध की खबरें सामने आती रहती हैं। राज्य में हत्या, नशाखोरी और आत्महत्या जैसी घटनाएँ आम बात हो गयी हैं। ।

उन्होंने आरोप लगाया कि मान सरकार अपराधियों और हत्यारों को संरक्षण दे रही है और पंजाब की जनता को प्रताड़ित किया जा रहा है और उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि श्री मान को अब पंजाब की जनता 'भाग-वंत मान' कह रही है, क्योंकि जब भी जिम्मेदारी निभाने की बात आती है, वे उससे भाग जाते हैं।

श्री भाटिया ने कहा कि श्री मान को विदेश यात्राओं और महँगी विदेशी वस्तुएँ खरीदने का समय तो मिल जाता है, लेकिन जिन पंजाब के लोगों की सेवा करने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उन्हीं की हत्याएँ हो रही हैं और वे चुप्पी साधे हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित