बीकानेर , जुलाई 14 -- राजस्थान के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा है कि गिव अप अभियान ने राज्य के 99 लाख वास्तविक लाभार्थियों को खाद्य सुरक्षा प्रदान की है।

श्री गोदारा ने मंगलवार को राजस्थान में बीकानेर जिले के कोलायत पंचायत समिति सभागार में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन में संबोधित करते हुए कहा कि यह देश का दूसरा ऐसा अभियान है, जिसकी सराहना प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री ने की है।

उन्होंने कहा कि राज्य के जरूरतमंद लोगों को खाद्य सुरक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से एक नवम्बर 2024 को यह अभियान शुरू किया गया। सरकार के आह्वान पर 67 लाख लोगों ने स्वेच्छा से इसका लाभ छोड़ा और 27 लाख ने ईकेवाईसी नहीं करवायी। इससे 99 लाख वास्तविक लाभार्थियों की इस योजना तक पहुंच हुई है। श्री गोदारा ने कहा कि पूर्व में केंद्र सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना का लाभ स्वेच्छा से छोड़ने के लिए गिव अप अभियान चलाया गया था। इसमें केंद्र सरकार की पहल पर एक करोड़ 16 लाख लोगों ने सरकारी मदद का त्याग किया था।

उन्होंने कहा कि कोलायत के 18 हजार लोगों तक ही इसका लाभ पहुंचा है। कोई भी गरीब इसके लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए उन्होंने विशेष अभियान चलाकर योजना से जोड़ने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पहली बार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 26 जनवरी 2025 को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) पोर्टल खोले जाने के बाद अब तक नये लोगों को इससे जोड़ा जा रहा है। एनएफएसए लाभार्थियों को बार-बार गेहूं लेने के लिए चक्कर ना लगाना पड़े, इसलिए उपभोक्ताओं को तीन महीने के गेहूं एक साथ वितरित किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित