वाराणसी , जून 17 -- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित विशेष जन-जागरूकता अभियान "गंगोत्री से गंगासागर" योग यात्रा के अंतर्गत बुधवार को काशी के रविदास घाट पर भव्य योग एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया।
गंगा तटवर्ती प्रमुख नगरों को जोड़ते हुए संचालित यह यात्रा योग, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचा रही है। यह अभियान 13 जून को गंगोत्री से प्रारंभ होकर 20 जून को गंगासागर तक विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों-ऋषिकेश, हरिद्वार, प्रयागराज, वाराणसी, पटना एवं हुगली-से होकर गुजर रहा है। वाराणसी इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा, जहां बड़ी संख्या में योग साधकों, विद्यार्थियों, समाजसेवियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' रहे, जबकि आयुष मंत्रालय, भारत सरकार की महानिदेशक डॉ. चित्रा बी. जी. विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में अतिथियों ने योग को स्वस्थ, संतुलित एवं सक्रिय जीवनशैली का आधार बताते हुए नागरिकों से इसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह 'बबलू' ने योग प्रशिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक योगाभ्यास, जन-जागरूकता गतिविधियों तथा संवाद सत्रों का आयोजन किया गया। उपस्थित नागरिकों ने 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता का संकल्प भी लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित