मुंबई , अक्टूबर 21 -- निर्माता एकता कपूर ने धारावाहिक 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' के समापन के बाद अपने नए शो का संकेत दिया है।एकता इस बार अभिनेता गौरव खन्ना और अभिनेत्री श्रद्धा आर्या की नई जोड़ी को पर्दे पर साथ लाने की तैयारी में हैं।
स्टार प्लस पर प्रसारित होने वाले इस नए शो के टीजर में गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या बालाजी टेलीफिल्म्स के कार्यालय पहुंचते नजर आ रहे हैं। पैपराजी के सवालों पर दोनों मुस्कुराते हैं, लेकिन अपने नए प्रोजेक्ट के बारे में कुछ नहीं बताते। वहीं, एकता कपूर ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाते हुए कहा, "एक कहानी खत्म हुई है, लेकिन सरप्राइज अभी बाकी हैं।"एकता कपूर ने कहा कि 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' के फिनाले के बाद दर्शक उनसे लगातार पूछ रहे थे कि आगे क्या आने वाला है। ऐसे में वह एक ऐसी नई कहानी पेश करना चाहती थीं, जो दर्शकों का ध्यान खींचने के साथ उनके दिलों को भी छुए। गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या को एक साथ पर्दे पर लाने को लेकर वह उत्साहित हैं और दर्शकों की प्रतिक्रिया जानने के लिए उत्सुक हैं।उन्होंने कहा कि टेलीविजन उनके लिए हमेशा घर जैसा रहेगा। ऐसे किरदार गढ़ना उन्हें खास लगता है, जो दर्शकों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन जाते हैं। दर्शकों से मिलने वाला प्यार ही उन्हें हर नई कहानी के साथ कुछ नया और यादगार पेश करने के लिए प्रेरित करता है।
एकता कपूर के अनुसार, 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' ने दर्शकों को यादगार विदाई दी है और अब वह एक नई कहानी के जरिए उनसे फिर जुड़ना चाहती हैं। हालांकि, नए शो के नाम और कहानी से जुड़ी अन्य जानकारियों का खुलासा अभी नहीं किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित