मुंबई , अक्टूबर 09 -- बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और सोनाली बेंद्रे पहली बार एक साथ सोनी मराठी के शो 'कोण होणार करोडपती' में नजर आएंगी। शो के ग्रैंड प्रीमियर में दोनों अभिनेत्रियां अपने फिल्मी सफर, निजी जिंदगी और दिलचस्प अनुभवों से जुड़े किस्से साझा करेंगी।'कोण होणार करोडपती' की शुरुआत सोमवार, 12 अक्टूबर से होगी। माधुरी दीक्षित इस बार शो की मेजबानी करती नजर आएंगी, जबकि सोनाली बेंद्रे ग्रैंड प्रीमियर की पहली मेहमान होंगी। शो का प्रसारण रात नौ बजे सोनी मराठी और सोनी लिव पर होगा।
अपने लंबे फिल्मी करियर में माधुरी और सोनाली ने कभी किसी फिल्म में साथ काम नहीं किया है। ऐसे में पहली बार एक मंच पर दोनों की मौजूदगी उनके प्रशंसकों के लिए खास होगी। सवाल-जवाब के बीच फिल्मी यादों, हंसी-मजाक और निजी जिंदगी से जुड़े कई पहलुओं पर बातचीत होगी।
इस एपिसोड में सोनाली बेंद्रे हैप्पी पेट फाउंडेशन के लिए खेलेंगी। वह पशुओं के प्रति अपने लगाव, उनकी देखभाल और कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों के साथ अपने 'हैप्पी पॉडकास्ट' के बारे में भी चर्चा करेंगी। बातचीत के दौरान घर की जिम्मेदारियों का मुद्दा भी उठेगा। सोनाली बताएंगी कि उनकी सास उन्हें रसोई में काम नहीं करने देतीं।
माधुरी ने सोनाली के साथ शो की शुरुआत को लेकर खुशी जताते हुए कहा कि दोनों ने अब तक किसी फिल्म में साथ काम नहीं किया है, लेकिन उन्हें इस मंच पर एक साथ आने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि सोनाली के साथ स्क्रीन साझा करना उनके लिए खास अनुभव है।
वहीं, सोनाली ने माधुरी के शो की मेजबानी करने पर खुशी जताते हुए कहा कि वह हमेशा से उनकी प्रशंसक रही हैं। सोनाली के मुताबिक, माधुरी का लोगों से आत्मीयता के साथ मिलना उन्हें एक अच्छी मेजबान बनाता है। उन्होंने माधुरी के अभिनय और नृत्य की भी सराहना की।
सोनाली ने बताया कि माधुरी के छोटे बेटे और उनके बेटे एक ही स्कूल में पढ़ते हैं, इसलिए दोनों की अक्सर मुलाकात होती रहती है। हालांकि, पर्दे पर साथ आने का अवसर अब मिला है। उन्होंने माधुरी के साथ भविष्य में काम करने की इच्छा भी जताई।
खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकारों से सजे 'कोण होणार करोडपती' के इस विशेष एपिसोड में दर्शकों को दोनों अभिनेत्रियों की अनदेखी यादें और उनकी जिंदगी के दिलचस्प पहलुओं से रूबरू होने का मौका मिलेगा।
शो का ग्रैंड प्रीमियर सोमवार, 12 अक्टूबर को रात नौ बजे सोनी मराठी और सोनी लिव पर प्रसारित होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित