कोलकाता , अक्टूबर 24 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए शनिवार को कहा कि महालया के दिन दिल्ली में उन्हें कैदी वैन में बैठना पड़ा, जो सनातन धर्म की ताकत और मां काली का श्राप है।
श्री अधिकारी ने आज दक्षिण 24 परगना के काकद्वीप स्टेडियम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए 2025 में काकद्वीप के सूर्यनगर में मां काली की मूर्ति के साथ हुए विवाद का जिक्र किया और इसकी तुलना इस वर्ष दिल्ली में सुश्री बनर्जी की स्थिति से की। उन्होंने कहा, "पिछले वर्ष सूर्यनगर में मां काली की प्रतिमा को कैदी वैन में रखा गया था। जिस मुख्यमंत्री के इशारे पर यह क्रूर घटना हुई थी, उन्हें भी इस वर्ष महालया के दिन दिल्ली में कैदियों के वैन में बैठना पड़ा। यह सनातन धर्म की शक्ति है। यह मां दुर्गा और मां काली की असली ताकत है। किसी का भाग्य हमेशा एक जैसा नहीं रहता।"गौरतलब है कि 2025 में सूर्यनगर में काली माता की मूर्ति में तोड़फोड़ की घटना से इलाके में तनाव फैल गया था। तत्कालीन आईपीएस अधिकारी कोटेश्वर राव के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने उत्तेजित लोगों पर लाठीचार्ज किया था, जिसके बाद प्रतिमा को कैदी वैन में रखकर थाने ले जाया गया था। इस घटना से हिंदू समाज के एक वर्ग में भारी आक्रोश फैल गया था।
श्री अधिकारी ने उन घटनाओं को भी याद किया जिनमें उन पर पथराव किया गया था। उन्होंने दावा किया कि राज्य के राजनीतिक नेतृत्व में बदलाव के बाद, जो लोग कभी उनका अपमान करने की कोशिश करते थे, वे अब उनका स्वागत कर रहे हैं।
विकास के मुद्दे पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने सुंदरबन और काकद्वीप क्षेत्र में अधिक निवेश का वादा किया, जिसे उन्होंने पिछली सरकार के दौरान उपेक्षित बताया। उन्होंने कहा कि सुंदरबन का विकास और गंगासागर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना उनकी सरकार प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा, "मैं आज यहां गंगासागर मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता के साथ आया हूं। उपेक्षित सुंदरबन का विकास हमारा प्राथमिक उद्देश्य है।"पिछली सरकार के दौरान वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए श्री अधिकारी ने दावा किया कि यद्यपि इस क्षेत्र के लिए 600 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे, लेकिन केवल 200 करोड़ रुपये का ही काम पूरा हुआ और शेष धनराशि का गबन कर लिया गया। उन्होंने कहा, "हमारी नयी सरकार ने अब सुंदरबन के कल्याण के लिए आवंटन बढ़ाकर 1,200 करोड़ रुपये कर दिया है।"श्री अधिकारी ने रैली में मौजूद लोगों से एकजुट रहने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने लोगों को घुसपैठियों और चरमपंथियों से सावधान रहने की सलाह भी दी। उन्होंने लोगों से कहा कि यदि पिछली तृणमूल सरकार के नेताओं के खिलाफ उनकी कोई शिकायत है, तो वे नयी प्राथमिकी दर्ज करायें।शिकायतों पर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए उन्होंने कहा कि किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा। उन्होंने कहा कि 2021 के विधानसभा चुनावों के बाद हुए कथित अत्याचारों के जिम्मेदार लोगों को भी जवाबदेह ठहराया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित