नयी दिल्ली , मार्च 09 -- पश्चिम एशिया संकट के बीच सीमित आपूर्ति के मद्देनजर रसोई गैस (एलपीजी) की लंबे समय तक उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने सोमवार को उत्पादन बढ़ाने समेत कई उपायों की घोषणा की।पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग अब 21 दिन की बजाय 25 दिन के अंतराल पर करायी जा सकेगी। उसने बताया है कि इसका उद्देश्य कालाबाजारी और जमाखोरी रोकना है।

साथ ही रिफाइनरियों को एलपीजी का उत्पादन बढ़ाने के लिए कहा गया है जिसका इस्तेमाल घरेलू आपूर्ति के लिए किया जायेगा।

गैर-घरेलू जरूरतों के लिए आयातित एलपीजी से आपूर्ति की जायेगा। इसमें अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता दी जायेगी। रेस्त्रां, होटलों तथा अन्य उद्योगों को आपूर्ति पर विचार करने के लिए तेल विपणन कंपनियों के कार्यकारी निदेशकों की तीन सदस्यीय समिति बनायी गयी है।

इससे पहले आज ही खबर आयी थी कि होटलों को वाणिज्यिक सिलेंडरों की आपूर्ति बंद कर दी गयी है।

उल्लेखनीय है कि ईरान पर गत 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका की संयुक्त सैन्य कार्रवाई से पश्चिम एशिया में संकट की स्थिति बन गयी है। इससे कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का उत्पादन और आपूर्ति दोनों प्रभावित हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित