मुंबई , सितंबर 03 -- रीश व्यास के निर्देशन में बनी ड्रामा-कॉमेडी फिल्म 'ओम का हरि' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में अंशुमन झा और रघुबीर यादव मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि सोनी राज़दान और आयशा कपूर भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगी। फिल्म 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।फिल्म की कहानी हरि प्रसाद (रघुबीर यादव) और उनके बेटे ओम (अंशुमन झा) के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है। मेडिकल समस्या के बाद हरि प्रसाद को लगता है कि उनके पास जीने के लिए अब बहुत कम समय बचा है। वह अपनी जिंदगी के आखिरी दिन वाराणसी में बिताना चाहता है और इसी उद्देश्य से अपने बेटे ओम के साथ वाराणसी की यात्रा पर निकल पड़ता है।
यात्रा के दौरान दोनों को लंबे समय तक एक-दूसरे के साथ रहना पड़ता है। इस दौरान उनके बीच के मतभेद, नोकझोंक और पीढ़ियों के बीच सोच का अंतर सामने आता है। दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं, लेकिन जिंदगी को देखने का उनका नजरिया अलग है। यही अंतर फिल्म में हास्य और भावनात्मक परिस्थितियों को जन्म देता है।
रघुबीर यादव ने हरि प्रसाद के किरदार के बारे में कहा कि पिता और बेटा कई बातों पर अलग राय रख सकते हैं, लेकिन उनके बीच गहरा जुड़ाव होता है। हरि प्रसाद को लगता है कि वह अपने परिवार के लिए सबसे बेहतर फैसला ले सकता है। हालांकि, जब उसे लगता है कि उसके पास ज्यादा समय नहीं बचा है तो उसकी प्राथमिकताएं बदलने लगती हैं, लेकिन उसका स्वभाव वैसा ही रहता है।
अंशुमन झा ने कहा कि ओम अपने पिता की हर बात और फैसले को आसानी से स्वीकार नहीं करता। दोनों वर्षों से जिंदगी को अलग-अलग नजरिए से देखते आए हैं। वाराणसी का सफर उन्हें एक-दूसरे के साथ उस तरह समय बिताने का मौका देता है, जैसा शायद पहले कभी नहीं मिला। इस दौरान वे उन बातों का सामना करते हैं, जिन्हें लंबे समय से एक-दूसरे से कहने से बचते रहे हैं।
सोनी राज़दान ने कहा कि 'ओम का हरि' ऐसे परिवार की कहानी है, जो अपनी परेशानियों, मतभेदों और उलझनों के बावजूद एक-दूसरे के साथ बना रहता है। उन्होंने कहा कि परिवार का हमेशा परफेक्ट होना जरूरी नहीं, बल्कि उसका साथ बने रहना ही काफी है।
फिल्म में वाराणसी का सफर परिवार, रिश्तों और पीढ़ियों के बीच के अंतर को समझने का माध्यम बनता है। पिता-पुत्र के रिश्ते की भावनात्मक जटिलताओं को फिल्म ड्रामा और कॉमेडी के जरिए पेश करती है।
फिल्म के संगीत में दिवंगत दिग्गज गायिका आशा भोसले, अमित कुमार, परेश रावल और अन्य कलाकारों की आवाजें सुनाई देंगी। 'ओम का हरि' अंशुमन झा और निर्देशक हरीश व्यास की साथ में तीसरी फिल्म है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित