होशियारपुर , जुलाई 13 -- पंजाब पुलिस के नशा तस्करों, गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत होशियारपुर पुलिस ने सोमवार को 'ऑपरेशन प्रहार 3.0' के दौरान जिलेभर में व्यापक कार्रवाई करते हुए 300 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया, कई वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा करीब 3.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मलिक ने बताया कि यह अभियान पंजाब सरकार और पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के निर्देशों पर चलाये जा रहे राज्यव्यापी अभियान का हिस्सा है। इसका उद्देश्य गैंगस्टरों, संगठित अपराधी गिरोहों, नशा तस्करों और भगोड़े अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।
उन्होंने बताया कि सोमवार तड़के से जिलेभर में 60 से अधिक पुलिस टीमों ने राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, यूनिट इंचार्जों और पुलिस चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। अभियान के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संदीप कुमार मलिक के अनुसार कार्रवाई के दौरान 300 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी।
कई संदिग्धों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गयी, जबकि विभिन्न एफआईआर में नामजद वांछित आरोपियों और कुछ घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत नये मामले भी दर्ज किये गये। उन्होंने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 3.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गयी। इसके अलावा अलग-अलग मामलों में नशीला पाउडर, नशीली गोलियां, कैप्सूल, इंजेक्शन तथा करीब 1.85 लाख रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की गयी। पुलिस ने अपराधों में इस्तेमाल किये जाने के संदेह में कई दोपहिया और चारपहिया वाहन भी जब्त किये हैं। एसएसपी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जिले में सक्रिय संगठित अपराध और नशा तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन प्रहार 3.0 अभी जारी है और आने वाले समय में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित