रायगढ़ , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 48 घंटों में तीन थाना क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई की है।
अलग-अलग मामलों में पुलिस ने चार ट्रक/अल्ट्रा वाहनों से करीब 75 टन लोहे का स्क्रैप जब्त किया है। जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत 23 लाख 69 हजार रुपये बताई जा रही है, जबकि जब्त वाहनों की कीमत करीब 37 लाख रुपये है। इस तरह कुल मिलाकर 60 लाख 69 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार थाना पूंजीपथरा क्षेत्र में 15 मार्च को मुखबिर की सूचना पर गेरवानी चौक में 18 चक्का ट्रक को रोककर जांच की गई। जांच में ट्रक से करीब 31 टन लोहे का एंगल, छड़ और मशीनरी पार्ट्स का स्क्रैप बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख 30 हजार 500 रुपये आंकी गई। वाहन चालक नितीश कुमार (25), निवासी भोजपुर (बिहार) के पास स्क्रैप परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने स्क्रैप जब्त कर BNS और बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
इसी तरह थाना पुसौर पुलिस ने सरिया से पुसौर आ रहे ट्रक को रोककर जांच की। ट्रक में 25.620 टन लोहे का कबाड़ मिला, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख 68 हजार 600 रुपये बताई गई है। चालक विजेन्द्र लाहुर (50 वर्ष), निवासी अमरोहा (उत्तर प्रदेश) परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने स्क्रैप के साथ ट्रक को भी जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।
वहीं थाना कोतरारोड़ पुलिस ने रात्री गश्त के दौरान कोसमनारा तिराहा में नाकेबंदी कर 12 चक्का ट्रक को रोका। जांच के दौरान ट्रक में करीब 19 टन लोहे का कबाड़ रायगढ़ ले जाया जा रहा था। चालक मनोज यादव (40 वर्ष), निवासी सारण (बिहार) भी स्क्रैप परिवहन के वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
पुलिस ने करीब पांच लाख 70 हजार रुपये कीमत का स्क्रैप सहित ट्रक जब्त कर बीएनएस के तहत कार्रवाई की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में अवैध कबाड़ परिवहन और चोरी के माल की खरीदी-बिक्री पर पुलिस की कड़ी नजर है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित