गरियाबंद , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में "ऑपरेशन निश्चय" के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना देवभोग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के 25 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को एमसीपी कार्रवाई के तहत खुटगांव चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान उड़ीसा के धरमगढ़ की ओर से पैदल आ रहा एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को दिखाई दिया, जिसके पास सफेद प्लास्टिक थैला और काला पिट्ठू बैग था। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो अलग-अलग पैकेटों में कुल 25 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसमें 15 किलोग्राम गांजा (कीमत 7.50 लाख रुपये) और 10 किलोग्राम गांजा (कीमत 5 लाख रुपये) शामिल है। कुल जब्त सामग्री की कीमत 12.50 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान काला कान्हू उर्फ कान्हा टांडी (24), निवासी साल्हेकेला वार्ड क्रमांक 2, थाना बोडेन, जिला नुवापाड़ा (उड़ीसा) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित