मुंबई , जून 17 -- महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने 'ऑपरेशन टाइगर' को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी का इस तरह के घटनाक्रम से कोई लेना-देना नहीं है।

श्री बावनकुले ने बुधवार को दावा किया कि राज्य सरकार पूरी तरह स्थिर है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रभावी ढंग से काम कर रही है। उन्होंने दृढ़ता से दोहराया कि देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री हैं और सरकार मजबूत स्थिति में है।

शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत के उन आरोपों का जवाब देते हुए, जिसमें उन्होंने सांसदों को 15 करोड़ रुपये की 'अग्रिम राशि' दिए जाने का दावा किया था, श्री बावनकुले ने इस बयान को 'आधारहीन, झूठा और गैर-जिम्मेदाराना' बताया। उन्होंने विपक्ष को इस तरह के मनगढ़ंत आरोप लगाने से बचने की चुनौती दी।

भाजपा नेता ने श्री उद्धव ठाकरे की नेतृत्व शैली पर निशाना साधते हुए कहा, "उद्धव ठाकरे को सबसे पहले अपनी पार्टी को संभालने पर ध्यान देना चाहिए। उन्हें इस बात पर आत्ममंथन करने की जरूरत है कि उनके विधायक और सांसद उनका साथ क्यों छोड़ रहे हैं।" उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल इसलिए भाजपा पर उंगली उठा रहा है क्योंकि श्री ठाकरे अपने घर को व्यवस्थित रखने में विफल रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित