मुंबई , जुलाई 14 -- महाराष्ट्र के नासिक नगर निगम में "ऑपरेशन टाइगर" की अटकल के बीच संभावित फूट को रोकने के उद्देशय से शिवसेना (यूटीबी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बुधवार को अपने आवास 'मातोश्री' पर नासिक के पार्टी पार्षदों की बैठक बुलायी है।

नासिक नगर निकाय में शिवसेना (यूबीटी) के 15 पार्षद हैं।

राजनीतिक हलकों में इस बात की चर्चा ज़ोरों पर है कि उनमें से करीब 10 से 12 पार्षद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के संपर्क में हैं और कभी भी पाला बदल सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो इससे निगम में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।

यह घटनाक्रम पार्टी के लोकसभा सांसदों में हाल ही में हुई फूट के बाद सामने आया है, जिसमें शिवसेना (यूबीटी) के नौ में से छह सांसदों ने पहले एक अलग गुट बनाया और फिर शिंदे गुट में शामिल हो गए। इस बगावत से पहले श्री ठाकरे ने पार्टी सांसदों की बैठक बुलाई थी और व्हिप जारी किया था लेकिन छह सांसद बैठक में शामिल नहीं हुए थे।

पार्टी में विभाजन के बाद श्री ठाकरे ने बागी सांसदों के चुनाव क्षेत्रों में रैलियां एवं जनसभाएं कीं ताकि पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का समर्थन बनाये रखा जा सके। उन्होंने पार्टी छोड़ने वालों के ख़िलाफ़ सख़्त रुख़ भी अपनाया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित