पंचकूला , जुलाई 30 -- हरियाणा की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव ने कहा है कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने के लिए जल्द 'ऑक्सी वन' योजना शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए पौधारोपण और वन संरक्षण को जन अभियान बनाना आवश्यक है।
पंचकूला के अलीपुर (बरवाला) में जिला स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम के बाद गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटने की संभावना संबंधी सवाल पर मंत्री ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक नियमित प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य मृत, स्थानांतरित अथवा मतदान के लिए पात्र नहीं रहे मतदाताओं की पहचान कर मतदाता सूची को अद्यतन रखना है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए आवश्यक है और इस प्रक्रिया को राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित