नयी दिल्ली , सितम्बर 02 -- एशिया का सबसे बड़ा एयर शो और दुनिया की प्रमुख एयरोस्पेस तथा रक्षा प्रदर्शनियों में से एक 'एयरो इंडिया' 8 से 12 फरवरी तक बेंगलुरु स्थित वायु सेना स्टेशन येलहंका में आयोजित की जाएगी।

रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि रक्षा उत्पादन विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का यह 16 वां संस्करण होगा और इसमें प्रमुख वैश्विक एयरोस्पेस और रक्षा कंपनियां, नीति-निर्माता, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ, नवोन्मेषक, उद्योग जगत के हितधारक और रक्षा बलों के प्रतिनिधि एक साझा मंच पर एकत्रित होंगे।

एयरो इंडिया एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजन के रूप में उभरा है जो एयरोस्पेस, रक्षा विनिर्माण, उभरती प्रौद्योगिकियों और नवाचार के क्षेत्र में देश की बढ़ती क्षमताओं को प्रदर्शित करता है। यह आयोजन व्यावसायिक सहभागिता, प्रौद्योगिकी आदान-प्रदान, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और रणनीतिक संवाद के लिए एक गतिशील मंच प्रदान करता है। साथ ही, यह भारत के बढते रक्षा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र और वैश्विक एयरोस्पेस तथा रक्षा क्षेत्र में उसकी बढ़ती भूमिका को रेखांकित करता है।

पांच दिन के इस आयोजन में एक व्यापक प्रदर्शनी और कई तरह की व्यावसायिक तथा रणनीतिक गतिविधियां होंगी, जो उद्योग-से-उद्योग संवाद, सरकार-से-उद्योग सहभागिता, प्रौद्योगिकी प्रदर्शन और सहयोग के अवसर प्रदान करेंगी। इसमें भारतीय वायु सेना और भाग लेने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ान टीमों द्वारा शानदार हवाई प्रदर्शन भी किए जाएंगे, जिससे आगंतुकों को उन्नत विमानन क्षमताओं को क्रियान्वित रूप में देखने का अवसर मिलेगा।

एयरो इंडिया 2027 के लिए एक समर्पित वेब-आधारित पोर्टल विकसित किया गया है, ताकि निर्बाध भागीदारी को सुगम बनाया जा सके और प्रदर्शकों के साथ-साथ आगंतुकों के लिए व्यापक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। ऑनलाइन पंजीकरण और प्रदर्शनी स्थल की बुकिंग इस पोर्टल के माध्यम से की जा सकेगी। कंपनियों के लिए पंजीकरण 3 सितंबर से शुरू होगा।

एयरो इंडिया 2027 से भारत के आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण और वैश्विक रक्षा तथा एयरोस्पेस आपूर्ति श्रृंखला में एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में उभरने को महत्वपूर्ण गति मिलने की उम्मीद है। यह आयोजन भारतीय रक्षा उद्योगों, जिनमें सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) तथा स्टार्ट-अप शामिल हैं की अधिक भागीदारी को सुगम बनाएगा और साझेदारियों, निवेश, निर्यात तथा प्रौद्योगिकी सहयोग के लिए अवसर पैदा करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित