मुंबई , अक्टूबर 15 -- अभिनेता और डांसर राघव जुयाल निर्देशक रेमो डिसूजा की फिल्म 'एनी बॉडी कैन ड्रीम' में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है। राघव के लिए यह फिल्म खास है, क्योंकि वह लंबे समय बाद उस डांस फ्रैंचाइजी की दुनिया में लौट रहे हैं, जिससे उनके करियर की यादें जुड़ी हैं।

राघव इससे पहले वरुण धवन और श्रद्धा कपूर अभिनीत फिल्म 'एबीसीडी 2' में नजर आए थे। अब उसी डांस की दुनिया में मुख्य अभिनेता के रूप में उनकी वापसी उनके करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।

राघव ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने करीब 12-13 साल पहले ही इस पल का सपना देखा था। उन्होंने फिल्म को अपने करियर की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक बताते हुए उस सफर को याद किया, जिसके दौरान उन्होंने इस फ्रैंचाइजी का हिस्सा बनने की इच्छा संजोकर रखी थी।

राघव ने अपनी पोस्ट में लिखा, "इस पल को और भी जादुई बनाने वाली बात यह है कि आज मैं उसी फ्रैंचाइजी का लीड हूं, जहां कभी मैं पीछे खड़े होकर, साइडलाइन से सब कुछ देखा करता था।"उन्होंने फिल्म के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने का संकल्प भी जताया। राघव ने कहा कि वह डांस फिल्म में ऐसा प्रदर्शन करना चाहते हैं, जिसे दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा हो। अपनी पोस्ट का समापन उन्होंने 'जिंदगी जिंदाबाद!' के साथ किया।

'एनी बॉडी कैन ड्रीम' के जरिए राघव एक बार फिर डांस की दुनिया में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार हैं। हालांकि, इस बार उनकी भूमिका अलग है। जिस फ्रैंचाइजी में उन्होंने कभी सहायक कलाकार के रूप में शुरुआत की थी, अब उसी में वह मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित