पटना , जून 16 -- िज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के अधीन कार्यरत राज्य तकनीकी शिक्षा परिषद् (एसबीटीई), बिहार की महत्वाकांक्षी डिजिटल पहल 'एडूकनेक्ट बिहार को प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड 2026 के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। यह उपलब्धि बिहार की तकनीकी शिक्षा व्यवस्था में डिजिटल नवाचार, सुशासन तथा प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
स्कॉच समूह के स्तर से आयोजित कठोर एवं स्वतंत्र मूल्यांकन प्रक्रिया के सभी चरणों को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद इस परियोजना का चयन किया गया है। इसको लेकर पुरस्कार समारोह 20 जून 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 108वें स्कॉच समिट के दौरान सम्पन्न होगा।
'एडूकनेक्ट बिहार' परियोजना का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से तकनीकी शिक्षा प्रशासन को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं छात्र-केंद्रित बनाना है। इस पहल ने राज्य के तकनीकी शिक्षण संस्थानों, विद्यार्थियों एवं प्रशासनिक तंत्र के बीच प्रभावी डिजिटल समन्वय स्थापित किया है। इसके माध्यम से विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण कर सेवाओं को अधिक सरल, त्वरित एवं पारदर्शी बनाया गया है।
एडूकनेक्ट बिहार की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह राज्य के तकनीकी शिक्षा तंत्र के लिए एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करता है, जिसे राज्य तकनीकी शिक्षा परिषद्, बिहार द्वारा स्वयं विकसित सॉफ्टवेयर के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इस प्लेटफॉर्म पर विद्यार्थियों को निःशुल्क ई-कॉन्टेंट, पाठ्यक्रम (सिलेबस), ऑनलाइन प्रमाणपत्र, प्लेसमेंट पोर्टल, एलुमनाई (पूर्व छात्र) पोर्टल सहित अनेक महत्वपूर्ण सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई हैं। इससे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं संस्थानों को बेहतर डिजिटल सुविधा, पारदर्शिता तथा सुगम पहुंच सुनिश्चित हुई है।
इस परियोजना का नेतृत्व डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, सचिव, राज्य तकनीकी शिक्षा परिषद्, बिहार द्वारा किया गया, जिनके मार्गदर्शन में परिषद् ने तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल परिवर्तन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव श्री हिमांशु शर्मा ने इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा है कि "एडूकनेक्ट बिहार तकनीक आधारित शिक्षा प्रशासन का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। इसे राष्ट्रीय स्तर की मान्यता से राज्य की तकनीकी शिक्षा व्यवस्था को नई पहचान मिलेगी।
विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अपर सचिव-सह-निदेशक श्री अहमद महमूद ने भी परिषद् की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा है कि एडूकनेक्ट बिहार ने तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल गवर्नेंस का एक प्रभावी मॉडल प्रस्तुत किया है। राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह सम्मान बिहार की तकनीकी शिक्षा प्रणाली में हो रहे सकारात्मक बदलावों का प्रमाण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित