बैतूल , जुलाई 24 -- मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत शुक्रवार को बैतूल जिले के ग्राम उमरी किला खंडारा में 50 फलदार पौधों का रोपण किया गया। अभियान के अंतर्गत आम और जामुन के पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया।
अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, जिले में हरित आवरण का विस्तार करना तथा फलदार वृक्षों के माध्यम से प्रकृति और समाज को दीर्घकालिक लाभ पहुंचाना है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
पौधारोपण कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक कौशलेश तिवारी, जिला समन्वयक संतोष सिंह राजपूत, नवांकुर संस्था अंश सेवा समिति की प्रतिनिधि सावी मालवीय तथा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के भवानी शंकर, नकुल भुसारे, राजेंद्र रावत, संतोषी रावत, सुखदेश भुसारे और राम चढ़ोकार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच पौधारोपण केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और हरित भविष्य सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने तथा परिवार की स्मृति और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी के भाव से पौधे लगाकर उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित