वाराणसी , जुलाई 12 -- पर्यावरण संरक्षण और हरित प्रदेश के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित राज्यव्यापी वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वाराणसी दक्षिण के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने एसएसपीजी मंडलीय जिला चिकित्सालय तथा महिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के आह्वान से प्रेरित 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

डॉ. तिवारी ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं बढ़ाते, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और उनकी देखभाल करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित