मुंबई , जुलाई 15 -- स्टार प्लस के लोकप्रिय धारावाहिक 'उड़ने की आशा' का नया पोस्ट-लीप ट्रैक दर्शकों को बॉलीवुड की यादगार बाप-बेटे की जोड़ियों की याद दिला रहा है। शो में लक्ष के किरदार में सचिन की झलक देखने को मिल रही है, जिसने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है।

धारावाहिक के नए ट्रैक में सात साल के लीप के बाद देशमुख परिवार में लक्ष की एंट्री हुई है। उसका बेफिक्र स्वभाव, शरारती अंदाज और जिद्दी रवैया काफी हद तक सचिन से मेल खाता है। खास बात यह है कि दर्शक दोनों के बीच की समानताओं को आसानी से पहचान रहे हैं, जबकि कहानी में बाप और बेटा अभी तक उस सच से अनजान हैं जो उन्हें एक-दूसरे से जोड़ता है।

निर्माताओं के अनुसार, यह ट्रैक दर्शकों को उन बॉलीवुड सितारों की याद दिलाता है जिनमें उनके पिता की झलक साफ दिखाई देती है। हाल ही में फिल्म 'धुरंधर' में अक्षय खन्ना की एंट्री ने दर्शकों को विनोद खन्ना की याद दिलाई। इसी तरह रणबीर कपूर में ऋषि कपूर, इब्राहिम अली खान में युवा सैफ अली खान, अभिषेक बच्चन में अमिताभ बच्चन और टाइगर श्रॉफ में जैकी श्रॉफ की छवि देखने को मिलती है।

'उड़ने की आशा' का नया ट्रैक इसी भावनात्मक जुड़ाव और विरासत में मिलने वाली आदतों, हाव-भाव तथा व्यक्तित्व की खूबियों को दर्शाने का प्रयास करता है।

यह धारावाहिक स्टार प्लस पर प्रतिदिन रात 8:30 बजे प्रसारित होता है और जियो हॉटस्टार पर भी उपलब्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित