मुंबई , मार्च 21 -- अभिनेत्री आकांक्षा रंजन कपूर का कहना है कि ग्राम चिकित्सालय 2 में उनके किरदार डॉ. गर्गी का और गहरा रूप देखने को मिलेगा।

शो 'ग्राम चिकित्सालय' के दूसरे सीज़न में कहानी के सेंटर में आकांक्षा रंजन कपूर हैं, जिनका किरदार अब और ज़्यादा चमकने वाला है।

पहले सीज़न में 'ग्राम चिकित्सालय' ने बिना किसी दिखावे के, सच्चाई और सादगी के साथ भारत के ग्रामीण हेल्थकेयर सिस्टम की कहानी सामने रखी थी। झारखंड के भटखांडी गांव में बसी इस कहानी में आकांक्षा रंजन कपूर ने डॉ. गर्गी की भूमिका निभायी थी।

सीज़न 2 को लेकर आकांक्षा ने कहा, "बहुत अच्छा लगता है जब इतनी सच्ची और ज़मीन से जुड़ी कहानी को फिर से मौका मिलता है। इस बार मुझे डॉ. गर्गी को और गहराई से समझने का मौका मिला।उनकी कमजोरियां, उनके अंदर के संघर्ष और उनकी खामोश ताकत। वो उन हजारों डॉक्टरों की झलक हैं, जो छोटे शहरों और गाँवों में हर दिन अपनी सीमाओं के बावजूद पूरी ईमानदारी से काम कर रहे हैं। इस किरदार को निभाना मेरे लिए एक जिम्मेदारी जैसा है, जिसे मैं पूरी सच्चाई से निभाना चाहती हूँ।"पहले सीज़न में आकांक्षा की परफॉर्मेंस को काफी सराहा गया था, क्योंकि उसमें दिखावा नहीं, सच्चाई थी। डॉ. गर्गी दर्शकों के दिलों में बस गई थीं। और अब सीज़न 2 में कहानी और भी गहराई में जाएगी।उनके पर्सनल और प्रोफेशनल सफर के साथ, जहां दिखेगी उनकी ताकत, उनके त्याग और वो जिद जो हर मुश्किल के बावजूद उन्हें आगे बढ़ाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित