देहरादून , अगस्त 27 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश के गुमानीवाला स्थित "आस" (एक्शन फॉर एडवांसमेंट ऑफ सोसाइटीज) के सदस्यों ने गुरुवार को राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में अधिकारियों एवं कार्मिकों को रक्षा सूत्र (राखी) बांधकर रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया ।

इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने अधिकारियों एवं कार्मिकों को राखियां बांधते हुए उनके द्वारा आपदा एवं अन्य विषम परिस्थितियों में आमजन की सुरक्षा एवं बचाव के लिए किए जाने वाले सराहनीय कार्यों के प्रति अपना स्नेह एवं सम्मान व्यक्त किया। साथ ही, टीबी (क्षय रोग) के प्रति भी जागरूक किया तथा इसके लक्षणों, बचाव एवं समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से हेमलता बहन, संगीता बहुगुणा, बबिता बौड़ाई, पूनम मैठाणी एवं लक्ष्मी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। जबकि वाहिनी मुख्यालय में सहायक सेनानायक सुशील रावत, संजय उप्रेती, शिविरपाल आनंद सिंह रावत, इंस्पेक्टर कविन्द्र सजवाण, सूबेदार सैन्य सहायक जयपाल राणा तथा सब इंस्पेक्टर पंकज खरोला सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। उपस्थित सभी लोगों ने इस आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण पहल की सराहना करते हुए एक-दूसरे को रक्षाबंधन के पावन त्योहार की शुभकामनाएं दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित